I am saddened by the untimely demise of LNIPE, Guwahati student Shruti Upadhyay. Providing justice to the family is our priority: Jyotiraditya Scindia
- छात्रों की मांगों को लेकर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने युवा एवं खेल मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया से की बात
नई दिल्ली। Lakshmibai National Institute of Physical Education (LNIPE), गुवाहाटी में शिक्षारत सुश्री श्रुति उपाध्याय के बीमार होने के बाद असामयिक निधन का दुखद समाचार मिलने पर केन्द्रीय संचार और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्रुति के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
छात्रों की मांगों पर तत्काल कार्रवाई का आग्रह
श्रुति उपाध्याय के निधन के मामले को लेकर LNIPE, ग्वालियर और गुवाहाटी के छात्रों द्वारा संस्थान के प्रशासन से जुड़ी कई मांगें उठाई गई हैं। छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्वयं युवा एवं खेल मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया से बात की और मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने निम्न मांगों पर तत्काल कार्रवाई का आग्रह कियाः
https://www.facebook.com/share/1EvTALieGx/?mibextid=wwXIfr
- सुश्री श्रुति उपाध्याय के परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि इस दुखद घटना में परिवार को आवश्यक आर्थिक सहायता मिल सके।
- LNIPE-NERC, गुवाहाटी में चिकित्सकीय लापरवाही एवं प्रशासनिक चूक की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- संबंधित वार्डन के विरुद्ध उचित जांच के बाद निलंबन एवं सेवा से हटाने की कार्रवाई की जाए, विशेषकर आवश्यक चिकित्सा अवकाश अथवा उपचार की अनुमति न दिए जाने के संबंध में उनकी भूमिका की जांच की जाए।
- LNIPE, ग्वालियर के रजिस्ट्रार को तत्काल हटाने/स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए, ताकि संस्थान के प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकें।
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि सुश्री श्रुति उपाध्याय के परिजन और सभी छात्र-छात्राएं आश्वस्त रहें कि मामले में यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रुति और उनके परिवार को न्याय अवश्य मिलेगा तथा पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और उनके हित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर उसकी जवाबदेही तय होना आवश्यक है।
परिवार के प्रति व्यक्त की गहरी संवेदनाएं
केन्द्रीय मंत्री ने सुश्री श्रुति उपाध्याय के परिवार और उनके प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।




























