तीन आरोपी गिरफ्तार,घटना में प्रयुक्त बाइक,कट्टा व लूट का माल बरामद
भितरवार। डिलीवरी बॉय के साथ हुई लूट की वारदात का चीनोर पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा कर दिया। 11 नवंबर को चीनोर – छीमक रोड़ पर सेकरा तिराहे के पास लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं। साथ ही उनसे लूट का माल और लूट की घटना में प्रयुक्त काले रंग की हीरो मोटरसाइकिल,कट्टा एक जिंदा राउंड बरामद किया हैं। वहीं पुलिस ने 2 खाली खोखा जप्त किए हैं। उल्लेखनीय हैं। कि 11 नवंबर को भितरवार देहली वेरी लिमिटेड कंपनी का डिलेवरी बॉय शिवकुमार शर्मा निवासी ग्राम गोहिंदा 100 पार्सलों के बैग के साथ डिलीवरी हेतु निकला था। विभिन्न गांवों में पार्सल वितरित कर शाम के समय जैसे ही वह चीनोर-छीमक रोड़ पर सेकरा तिराहा के पास पहुंचा तभी एक मोटरसाइकिल पर मुंह बांधे हुए तीन अज्ञात व्यक्ति आए। और इनमें से दो युवकों ने उतरकर उसकी मोटरसाइकिल रोक ली। एक युवक ने कट्टा उस पर कट्टा तानकर उसका रीयलमी कंपनी का मोबाइल छीन लिया। इसके बाद उक्त बदमाशों ने डिलेवरी बॉय से लाल रंग का डिलीवरी बैग,तथा जेब से 5200 रुपए लूट लिए। दोनों युवक मोटरसाइकिल स्टार्ट कर खड़े तीसरे युवक के साथ सवार होकर सेकरा की ओर भाग निकले। लूट की घटना के बाद उक्त डिलेवरी बॉय ने चीनोर थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना प्रभारी शैलेंद्र गुर्जर ने प्रारंभिक जांच की। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर के निर्देश पर थाना प्रभारी शैलेंद्र गुर्जर ने लुटेरों को पकड़ने अपना जाल बिछाया। मुखबिर से थाना प्रभारी को अज्ञात तीन संदेही बस स्टेण्ड छीमक पर खडे़ होने की सूचना मिली। जिस पर वे पुलिस कर्मियों की टीम के साथ छीमक बस स्टैंड पर पहुंचे। जहां मुखबिर के बताए अनुसार हुलिया के तीन लड़के खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होने छिपने का प्रयास किया। पुलिस ने संदेह होने पर तीनों को अभिरक्षा में लेकर उनसे नाम व पता पूछा तो एक ने अपना नाम राम श्याम पुत्र अशोक गुर्जर उम्र 19 साल निवासी बागवई थाना भितरवार, दूसरे ने अपना नाम कपिल पुत्र फूल सिंह रावत उम्र 21 साल निवासी बेहगंवा थाना सीहोर जिला शिवपुरी व तीसरे ने अपना नाम प्रियांश रावत पुत्र जयेन्द्र रावत उम्र 19 साल निवासी धमधोली थाना सीहोर जिला शिवपुरी (म.प्र) का होना बताया। पकड़े गए तीनों संदेहियों ने कढ़ी पूछताछ में उक्त लूट की घटना को करना स्वीकार किया। जिस पर पुलिस टीम द्वारा आरोपी कपिल की निशानदेही पर उसके किराए के मकान वार्ड नं.11 भितरवार से उक्त लूट की घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की काले रंग की हीरो मोटरसाईकल को जप्त किया गया। वहीं आरोपी प्रियांश रावत की निशान्देही पर लूटा गया फरियादी का रीयल मी कंपनी का मोबाईल एक बैग जिसमे लूटा सामान रखा हुआ था। तथा घटना में प्रयुक्त कट्टा मय एक जिन्दा राउण्ड व 02 खाली खोखा को जप्त किया गए। आरोपी रामश्याम की निशादेही पर घटना में लूटे गए पैसों में से उसके हिस्से में आए 1200 रुपए जप्त किए गए। पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपियों को अप.क्र. 142/25 धारा 309(4) बीएनएस इजाफा धारा 111(1) बीएनएस वं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट में विधिवत गिरफ्तार किया जाकर क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में ज्ञात हुआ है कि उक्त आरोपियों ने थान भितरवार क्षेत्र में दिनांक 17 अक्टूबर को इसी प्रकार एक डिलेवरी बॉय के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था।































