रिश्वत की शिकायत पर कृषि मंत्रालय के अधिकारी पर एक्शन, अनुराग तत्काल प्रभाव से निलंबित

0
29

Action taken against Agriculture Ministry official on bribery complaint, Anurag suspended with immediate effect

  • सीहोर में वेयरहाउस निरीक्षण के दौरान रिश्वत मांगने का आरोप, शिवराज सिंह चौहान ने लिया संज्ञान

नई दिल्ली/सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि मंत्रालय के एक अधिकारी के खिलाफ मिली गंभीर शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई की है। मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया गया है कि सीहोर जिले में वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान अधिकारी पर सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप लगे थे। शिकायत के मुताबिक शिवाय वेयरहाउस से 1 लाख रुपये और श्री कृष्णा वेयरहाउस से 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने का आरोप है।

शिकायत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंचने के बाद मामले में तत्काल संज्ञान लिया गया और संबंधित अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

आज शाम शीर्ष अधिकारियों के साथ अहम बैठक

वहीं, अनियमितताओं और कार्य में लापरवाही से जुड़ी विभिन्न शिकायतों को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शाम दिल्ली में कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव सहित शीर्ष अधिकारियों की बैठक बुलाई है।

जानकारी के अनुसार बैठक शाम 7 बजे प्रस्तावित है। पंजाब दौरे से लौटने के बाद शिवराज सिंह चौहान अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में विभागीय कामकाज, शिकायतों और अनियमितताओं को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए जाने के साथ प्रभावी निर्णय लिए जाने की बात कही गई है।

इस कार्रवाई और प्रस्तावित बैठक को मंत्रालय के कामकाज में जवाबदेही और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के संदर्भ में देखा जा रहा है।