लालू जी ने जो बोया वो काट रहे, परिवार और पार्टी ही परिवारवाद, भ्रष्टाचार और जंगलराज का शिकार
राजद का ये अंतिम चुनाव, इसके बाद राजद बिखर जाएगी
राहुल-तेजस्वी और लालू भस्मासुर, मौका मिलते ही जनता को भस्म कर देंगे
पहले चरण में ही महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया
बहनों के खाते में पैसा आया तो कांग्रेस-आरजेडी के पेट में दर्द
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को बिहार की तीन विधानसभा सीटों पर भाजपा-एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया।
नई दिल्ली/बिहार- केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राज्य की तीन विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी और एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। केन्द्रीय मंत्री ने सबसे पहले बिहार के कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के कोटवा में भाजपा प्रत्याशी सचिंद्र प्रसाद सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद बासोपट्टी खेल मैदान में खजौली विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार अरुण शंकर प्रसाद के समर्थन में जनसभा की और अंत में तरैया मैदान में बेलहर से एनडीए प्रत्याशी मनोज यादव के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, पूरे बिहार में एनडीए के समर्थन की लहर चल रही है और पहले चरण के मतदान में ही महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया है। जनता के दिल में मोदी बसे हैं। मोदी जी भारत के लिए भगवान का वरदान हैं। मोदी जी और नीतीश जी की जोड़ी एक और एक दो नहीं, बल्कि एक और एक ग्यारह है। इस बार एनडीए को अब तक का सबसे विशाल बहुमत मिलेगा और फिर से बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी।
तेजस्वी का तेज तो तेजप्रताप ने ही खत्म कर दिया
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, लालू जी हताश और उदास हैं, अब तो घर में ही फूट पड़ गई है। जिसने किडनी दी उसे अलग कर दिया गया और तेजस्वी का तेज तो तेजप्रताप ने ही खत्म कर दिया। घर में ही कौरव पैदा हो गए हैं आपस में ही मारामारी चल रही है। जो बोया है, लालू जी वही तो काटोगे। बुढ़ापे में ऐसे दिन देखने थे, एक बेटा दूसरे बेटे के खिलाफ ताल ठोक रहा है। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि, महागठबंधन के आधे नेता जेल में और आधे बेल पर हैं। क्योंकि लूटा है तो परिणाम तो भुगतना पड़ेगा। अपहरण, लूट, बलात्कार, हत्याएं, डकैती ये लालू यादव की सरकार की पहचान थी। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि, राहुल-तेजस्वी और लालू भस्मासुर है, मौका मिलते ही जनता को भस्म कर देंगे। इस चुनाव के बाद NDA की शानदार जीत होगी और लालू जी की पार्टी समाप्त हो जाएगी, परिवार बिखर जाएगा, क्योंकि बिहार को तबाह और बर्बाद करने का पाप इन्होंने किया है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, मोदी जी और नीतीश कुमार दोनों मिलकर एक और एक दो नहीं, एक और एक ग्यारह हैं। बिहार में विकास की ऐसी बहार लाएंगे कि दुनिया देखती रह जाएगी।
महागठबंधन आया तो बिहार में बनेगा अपहरण-डकैती मंत्रालय
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, RJD का मतलब R से रंगदारी, J से जंगलराज और D से डकैती है। उन्होंने कहा कि, उस समय सरेआम भरे बाज़ार अपहरण होते थे और अपराधी पकड़े नहीं जाते थे। लूटपाट, चोरी, हत्याएँ, डकैती, बलात्कार, जंगलराज में कोई सुनने वाला नहीं था, लेकिन ये रंगदारी अब नहीं चलेगी। रंगदारी करने वाले जेलों में होंगे। इन्होंने बिहार को तबाह और बर्बाद करने का पाप किया है। लालू राज में बिहार में सड़कें थीं क्या..? सड़कों का अता-पता नहीं था। सड़कों में इतने बड़े गड्ढे थे कि, गाड़ी कभी ऊपर तो कभी नीचे जाती थी। बिजली के खंभे थे, उस पर चिड़िया बैठती थीं। मैंने पूछा तार कहाँ है, तो मुझे बताया गया कि, बिजली आती नहीं है तो तार भी निकाल ले गए। न बिजली थी न सड़कें थीं, केवल एक ही उद्योग चलता था अपहरण उद्योग। वैसे तो महागठबंधन की सरकार बनने वाली नहीं है, लेकिन अगर ये लोग आए तो सबसे पहले अपहरण मंत्रालय, रंगदारी मंत्रालय और डकैती मंत्रालय बनाएँगे। और साथ ही ये घुसपैठिया बोर्ड भी बनाएँगे कि, बांग्लादेश से घुसपैठिए आने दो जो बिहार की जनता के हकों पर डाका डालें।
घुसपैठियों के पहचान कर बाहर निकाला जाएगा
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, राहुल गांधी वोट चोरी की बात कर रहे हैं, बताओ अगर वोटर लिस्ट में कोई गलत नाम जुड़ा है तो काटना चाहिए या नहीं..? अगर बांग्लादेश से आकर कोई यहाँ वोट डाल रहा है तो उसका वोट काटना चाहिए या नहीं..? शिवराज सिंह ने कहा कि, विदेशी घुसपैठिया हमारा राशन फ्री में खा रहे हैं, हमारी नौकरियाँ खा रहे हैं, रोजगार खा रहे हैं, हमारे बच्चों का भविष्य खा रहे हैं, ये नहीं होगा। विदेशी घुसपैठिए न सिर्फ देश के संसाधनों पर अधिकार जमा रहे हैं, बल्कि यह भारतीय नागरिकों के अधिकारों का हनन है। सारी दुनिया सुन ले, अगर विदेशी घुसपैठिए यहाँ होंगे तो पहचान कर उन्हें बिहार से बाहर निकाल दिया जाएगा।
बहनों की जिंदगी बदलने का अभियान
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मेरी बहनों भाजपा-एनडीए सरकार तुम्हारी जिंदगी बदलने का अभियान चला रही है। आप बताओ कभी लालू राज में आपके खाते में पैसा आया क्या..? कभी बहनों को एक पाई तक नहीं दी। शिवराज सिंह ने कहा कि, मैंने मुख्यमंत्री रहते मध्यप्रदेश में लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं के खाते में हर महीने पैसे भेजे हैं। क्या इस गठबंधन ने कभी किसी बहन के खाते में दस हजार रुपए भेजे हैं। अब बिहार की बहनों के खाते में 10 हजार रूपए आए तो कांग्रेस, आरजेडी गठबंधन वालो के पेट में दर्द हो रहा है। बोल रहे हैं ये तो रिश्वत है। ये रिश्वत नहीं, आधी आबादी का पूरा हक है। केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि, सुन लो लालू जी और राहुल जी केवल 10 हजार ही नहीं, 2 लाख रुपए तक बहनों के खाते में आएगा। कोई बहन गरीब क्यों रहे, बहनों की आँखों में आँसू क्यों रहे, बहनें क्यों परेशान रहे। आज हमारा संकल्प है मिथिला की हर बहन को लखपति बनाकर ही चैन की साँस लेंगे। 1 करोड़ लखपति दीदी बनाएँगे जिसमें मिथिला की बहनें भी होंगी। हर बहन लखपति बनेगी, ये भारतीय जनता पार्टी और एनडीए सरकार का बहनों की जिंदगी बदलने का संकल्प है।
बिहार का टैलेंट गजब है
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि, आज जो दल हर घर में नौकरी देने की बात कर रहे हैं, उन्होंने अपने 15 साल के शासनकाल में युवाओं को रोजगार नहीं दिया, लेकिन मेरे बेटा-बेटियों तुम चिंता मत करना आज एनडीए और भारतीय जनता पार्टी कह रही है कि, 1 करोड़ नौकरी और रोजगार हम देंगे। भाजपा-एनडीए की सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के साथ-साथ शिक्षा को भी प्राथमिकता देगी। केजी से लेकर पीजी तक की पढ़ाई मुफ़्त में होगी। गरीब के बच्चों को भी पढ़ने का अधिकार है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, बिहार के युवाओं को बेहतर शिक्षा और अवसर मिले तो वो पूरी दुनिया में नाम कमा सकते हैं। बिहार का टैलेंट गजब का है, अगर इन बच्चों की ढंग की पढ़ाई हो जाए तो ये पूरी दुनिया में राज कर सकते हैं। इनके पास इतनी बुद्धि और अक्ल है। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि, जब राधामोहन जी कृषि मंत्री थे तब यहाँ कृषि के अनुसंधान और विकास के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद विश्वविद्यालय खोला गया, जो खेती की आय को दोगुना करने में मदद करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि, किसान भाइयों 6 हजार प्रधानमंत्री जी देंगे और 3 हजार बिहार की सरकार देगी, ऐसे कुल 9 हजार रुपए किसान सम्मान निधि मिलेगी। कभी लालू जी या गठबंधन ने किसानों के खाते में पैसा डाला क्या..?
































