शिवपुरी। जिले में चोरी की बड़ी वारदात से सनसनी फैल गई है। कोलारस विधायक महेंद्र यादव के पैतृक गांव तरावली में उनके चचेरे भाई राजीव यादव के घर पर अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, राजीव यादव पिता कप्तान सिंह यादव उम्र 40 वर्ष, 22 अक्टूबर को अपने परिवार सहित शिवपुरी स्थित संतुष्टि अपार्टमेंट में गए हुए थे। घर पर उनकी मां मुन्नीबाई यादव अकेली थीं। अगले दिन सुबह लगभग 6:30 बजे उन्होंने फोन कर बताया कि रात में घर में चोरी हो गई है। राजीव यादव जब गांव पहुंचे तो देखा कि पूरे घर का सामान बिखरा हुआ था। तीन अलमारियों, चार बक्सों और तिजोरी के ताले टूटे पड़े थे। चोरी गए सामान में 6 सोने की चूडिय़ां, 3 चेन, 16 अंगूठियां, 2 कड़े, 2 टॉप्स, 1 सुई-धागा सेट, 20 चांदी के सिक्के और करीब 50,000 रूपए नगद शामिल हैं। फरियादी ने बताया कि चोरों ने संभवत: कोई जहरीली गैस का उपयोग किया, जिसके कारण उनकी मां को रात में कुछ महसूस नहीं हुआ। आमतौर पर वे रोज सुबह 5 बजे उठती हैं, लेकिन घटना वाली रात एक घंटे देर से जागीं। पुलिस को आशंका है कि वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई। राजीव यादव के पुराने घर के पास एक मकान निर्माणाधीन था, जिससे संभावना है कि चोरों ने पहले से रेकी कर रखी थी। सूचना मिलने पर थाना इंदार पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है, पुलिस की कई टीमें चोरों की तलाश में जुटी हैं। घटनास्थल से मिले सबूतों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।





























