भिंड में सनसनीखेज हत्याकांड: लिव इन पार्टनर नर्सिंग ऑफिसर की हत्या कर शव नदी फेंका

0
40

Sensational murder case in Bhind: Live-in partner, nursing officer, murdered and body thrown in river

भिण्ड। शहर के जोशी नगर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही नर्सिंग ऑफिसर स्नेहलता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके लिव-इन पार्टनर सत्यप्रकाश उर्फ बादशाह जाटव ने ही साथियों के साथ मिलकर कार में गला दबाकर उसकी हत्या की और शव पचनदा पुल से नदी में फेंक दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार आरोपी सत्यप्रकाश पहले से शादीशुदा है, लेकिन पत्नी से संतान नहीं थी। नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात बिहार निवासी स्नेहलता से हुई थी। दोनों लिव-इन में रहने लगे और उनका एक बेटा भी हुआ। बताया जा रहा है कि स्नेहलता ने मंदिर में सत्यप्रकाश से शादी कर ली थी और वह पत्नी को छोड़कर साथ रहने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक 8 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे आरोपी अपने साथी राजवीर खन्ना और आशू के साथ स्नेहलता को कानपुर घुमाने के बहाने कार से ले गया। इससे पहले उसने बेटे को अपनी पत्नी के हवाले कर दिया था।

आरोप है कि कानपुर से लौटते समय 9 अक्टूबर की तड़के करीब 3 बजे हनुमंतपुरा के पास चलती कार में ही गला दबाकर स्नेहलता की हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को पचनदा पुल से नदी में फेंक दिया।

हत्या कर खुद दर्ज कराई गुमशुदगी

वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने खुद सिटी कोतवाली पहुंचकर स्नेहलता की गुमशुदगी की सूचना दी। 13 अक्टूबर को अपहरण का मामला दर्ज हुआ। पूछताछ के दौरान पुलिस को सत्यप्रकाश पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

फिलहाल एसडीआरएफ की टीम पचनदा क्षेत्र में नदी में शव की तलाश कर रही है। टीआई सिटी कोतवाली मुकेश शाक्य ने बताया कि शव मिलने के बाद ही मामले का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।