जनकल्याण और जनसंवाद को दें प्राथमिकता, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना सुनिश्चित करें : केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया

0
6

Give priority to public welfare and public dialogue, ensure that the benefits of schemes reach the last person: Union Minister Jyotiraditya Scindia

अशोकनगर में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की

अशोकनगर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सह स्थानीय  सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जनकल्याण, जनसंवाद और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यह सुनिश्चित करना सभी जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि जनप्रतिनिधि निरंतर जनता के बीच रहें, उनकी समस्याओं को सुनें और उनके निराकरण के लिए प्रभावी प्रयास करें। जनसंवाद के माध्यम से आमजन की आवश्यकताओं को समझकर ऐसे नवीन कार्यों और पहलों को आगे बढ़ाया जाए, जिनसे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने पर जोर देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुँचे। जनप्रतिनिधि योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने के साथ ही उनके प्रभावी क्रियान्वयन में भी सक्रिय भूमिका निभाएँ। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अशोकनगर में जारी विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी साझा की। साथ ही, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व  के अंतर्गत किए जा रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के संबंध में भी चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य करते हुए क्षेत्र के विकास को गति देना, जनसमस्याओं का समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुँचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनसंवाद को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनकल्याण को केंद्र में रखकर कार्य करने का आह्वान किया।