कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के नवाचार की राष्ट्रीय स्तर पर गूंज, ‘मोबाइल कोर्ट’ को मिला SKOCH Award

0
43

Collector Kishore Kumar Kanyal’s innovation resonates nationally, ‘Mobile Court’ receives SKOCH Award

गुना में जमीन विवादों के समाधान का अनूठा मॉडल बना मिसाल, 424 से अधिक मामलों का हुआ निराकरण

अभय मेल की खास रिपोर्ट 

गुना। गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। आमजन की भूमि संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुरू की गई उनकी पहल ‘मोबाइल कोर्ट’ को नई दिल्ली में आयोजित 109वें SKOCH Summit 2026 में प्रतिष्ठित SKOCH Award से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान ‘Foundation of Inclusive Growth’ श्रेणी में प्रदान किया गया। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की ओर से एसडीएम अमित सोनी और तहसीलदार देवदत्त गोलिया ने नई दिल्ली में पुरस्कार ग्रहण किया।

कलेक्टर का नवाचार, लोगों के द्वार पहुंचा प्रशासन

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के मार्गदर्शन में शुरू की गई ‘मोबाइल कोर्ट’ पहल का मूल उद्देश्य प्रशासन को सरकारी दफ्तरों से निकालकर सीधे आमजन के द्वार तक पहुंचाना है। भूमि विवादों और राजस्व प्रकरणों के समाधान के लिए अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचते हैं और संबंधित पक्षों की सुनवाई कर प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई करते हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस नवाचार के माध्यम से अब तक 424 से अधिक मामलों का निराकरण किया जा चुका है। खास तौर पर लंबे समय से लंबित विवादों को आपसी सहमति और मौके पर प्रशासनिक हस्तक्षेप के जरिए सुलझाने का प्रयास किया गया है।

दफ्तरों के चक्कर कम, मौके पर समाधान

‘मोबाइल कोर्ट’ ने आम लोगों के लिए राजस्व संबंधी मामलों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाया है। पहले जहां लोगों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार संबंधित कार्यालयों में जाना पड़ता था, वहीं अब अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्याओं को सुन रहे हैं।

राजस्व के साथ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी से विवादों के समाधान के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिल रही है।

राष्ट्रीय मंच पर गुना मॉडल को मिली पहचान

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के नेतृत्व में शुरू हुई यह पहल अब गुना जिले से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंच गई है। SKOCH Award मिलना इस बात की राष्ट्रीय पहचान है कि नागरिकों की समस्याओं का मौके पर जाकर समाधान करने वाला प्रशासनिक मॉडल प्रभावी तरीके से लागू किया जा सकता है।

यह सम्मान गुना जिला प्रशासन के साथ-साथ कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के नवाचार आधारित, फील्ड-केंद्रित और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर देने वाले प्रशासनिक प्रयासों को मिली महत्वपूर्ण पहचान है।