अचलेश्वर न्यास चुनाव में ‘वोट के बदले प्रसाद’ वाला अंदाज! खीर, साड़ी से लेकर VIP दर्शन तक के वादे

0
11

अचलेश्वर न्यास चुनाव में ‘वोट के बदले प्रसाद’ वाला अंदाज! खीर, साड़ी से लेकर VIP दर्शन तक के वादे

The Achleshwar Trust elections are a “vote-for-prasad” affair! Promises range from kheer and saris to VIP darshans.

अचलेश्वर न्यास चुनाव में दिखा अनोखा चुनावी प्रचार

ग्वालियर। चुनावी मैदान में आपने बिजली, पानी, सड़क और रोजगार के वादे तो खूब सुने होंगे, लेकिन ग्वालियर के प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास चुनाव में प्रचार का अंदाज कुछ अलग नजर आ रहा है। यहां सामने आए एक पोस्टर में मतदाताओं से धार्मिक आयोजनों के साथ खीर, साड़ी, भोजन-प्रसाद और VIP दर्शन जैसे वादे किए गए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पोस्टर में अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यासी पद के लिए आशीष पाण्डेय के समर्थन की अपील की गई है। पोस्टर की शुरुआत धार्मिक संदेश “आपका भरोसा भगवान भोलेनाथ में हो, किसी व्यक्ति में नहीं” से होती है।

इसके बाद ‘हमारा वादा’ शीर्षक के तहत मतदाताओं के लिए कई घोषणाएं की गई हैं। पोस्टर में शरद पूर्णिमा पर प्रत्येक मतदाता को एक किलो खीर, अन्नकूट पर पूरे परिवार के लिए भोजन-प्रसाद, वसंत पंचमी पर परिवार की एक महिला को साड़ी देने की बात कही गई है।

इतना ही नहीं, पोस्टर में महाशिवरात्रि पर पूरे परिवार के लिए VIP दर्शन और सावन के प्रत्येक सोमवार को VIP दर्शन के साथ रुद्राभिषेक की विशेष व्यवस्था का भी वादा किया गया है।

पोस्टर के आखिर में लिखा गया है— “दलालों को नहीं, दिल वालों को चुनें।”

धार्मिक आयोजन और चुनावी वादे एक साथ

पोस्टर सामने आने के बाद न्यास चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। खास बात यह है कि वादों में सीधे तौर पर मंदिर के प्रमुख धार्मिक पर्वों और आयोजनों को शामिल किया गया है। यही वजह है कि इस चुनाव का प्रचार आम चुनावों से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है।

अब चर्चा इस बात की भी है कि न्यास चुनाव में किए जा रहे इन वादों को किस नजरिए से देखा जाएगा और क्या ये चुनावी नियमों के दायरे में आते हैं। इस संबंध में संबंधित चुनाव समिति या प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

यानी इस बार अचलेश्वर न्यास चुनाव में मुद्दे सिर्फ मंदिर व्यवस्था तक सीमित नहीं दिख रहे, बल्कि प्रचार में ‘खीर, साड़ी और VIP दर्शन’ ने भी अपनी जगह बना ली है।