Madhya Pradesh Press Club President Dr. Naveen Anand Joshi met Chief Minister Dr. Mohan Yadav
- ‘मध्यप्रदेश रत्न अलंकरण समारोह’ एवं ‘यो म्हारो मालवो’ के आयोजन की रूपरेखा पर हुई विस्तृत चर्चा
भोपाल। मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक, साहित्यिक और पत्रकारिता गतिविधियों को नई ऊर्जा देने की दिशा में सक्रिय मध्य प्रदेश प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी ने आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उनके मंत्रालय स्थित कक्ष में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर आगामी माह प्रस्तावित दो महत्वपूर्ण आयोजनों—‘मध्यप्रदेश रत्न अलंकरण समारोह’ तथा ‘यो म्हारो मालवो’—की विस्तृत रूपरेखा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की गई।

डॉ. नवीन आनंद जोशी ने मुख्यमंत्री को बताया कि मध्य प्रदेश प्रेस क्लब द्वारा अपने सामाजिक एवं सांस्कृतिक सरोकारों के अंतर्गत प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला ‘मेरा मध्यप्रदेश’ आयोजन प्रदेश की उन विशिष्ट प्रतिभाओं और विभूतियों को सम्मानित करने की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है, जिन्होंने अपने कार्य, प्रतिभा और समर्पण से मध्य प्रदेश की पहचान को देश-दुनिया में प्रतिष्ठित किया है। इसी श्रृंखला में इस वर्ष ‘मध्यप्रदेश रत्न अलंकरण समारोह’ प्रस्तावित है।भेंट के दौरान ‘यो म्हारो मालवो’ आयोजन की अवधारणा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मालवा की लोक-संस्कृति, बोली, परंपराओं, कला, संगीत, साहित्य, खान-पान और जीवन-मूल्यों को समर्पित यह आयोजन मालवा विकास उत्सव समिति के तत्वावधान में प्रस्तावित है। डॉ. जोशी ने कहा कि मालवा केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक चेतना, उदार लोक परंपराओं और जीवंत सामाजिक संस्कारों के कारण मध्य प्रदेश की आत्मा का महत्वपूर्ण स्वर है। ‘यो म्हारो मालवो’ इसी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का एक प्रयास है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर मध्य प्रदेश प्रेस क्लब की अब तक की गतिविधियों तथा मालवा विकास उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की चित्रात्मक झलकियाँ भी देखीं। उन्होंने पत्रकारिता के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक सरोकारों को जोड़कर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।

भेंट के दौरान डॉ. जोशी ने प्रदेश की पत्रकारिता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी मुख्यमंत्री के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश प्रेस क्लब का उद्देश्य केवल पत्रकारों के हितों तक सीमित न रहकर प्रदेश की कला, संस्कृति, साहित्य, लोक परंपराओं और सामाजिक सरोकारों को व्यापक मंच प्रदान करना भी है।इस अवसर पर मध्य प्रदेश प्रेस क्लब के सचिव महेंद्र शर्मा भी उपस्थित थे। उन्होंने भी प्रस्तावित आयोजनों की तैयारियों और उनसे जुड़े विभिन्न पक्षों की जानकारी साझा की।





























